IMG-20260915-WA0540
Spread the love

 

नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जाएगा जोड़ा : जनपद प्रभारी मंत्री

मोहम्मद  कलीम अंसारी

सहारनपुर जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ा जाएगा सर्किट हाउस सभागार में प्रभारी मंत्री एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही न हो और जनपद से लेकर ग्राम स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सभी जनप्रतिनिधियों को कार्ययोजना उपलब्ध कराते हुए कार्यक्रमों में आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे जनपद की सभी विधानसभाओं के 11 चिन्हित मुख्य स्थलों पर ‘सेवा का दीया’ जलाया जाएगा।लाभार्थियों के घरों, सरकारी कार्यालयों और विकासखंड कार्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सेवा ज्योति कलश यात्रा के तहत छह प्रमुख मार्गों से घंटाघर तक बाइक रैली, अंबेडकर स्टेडियम से घंटाघर तक खिलाड़ियों का पैदल मार्च तथा कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक एनसीसी, एनएसएस व पीआरडी जवानों की साइकिल रैली होगी। उन्होंने सेवा सेतु अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर साप्ताहिक बहुउद्देशीय सेवा शिविर, स्टॉल और स्वास्थ्य मेले लगाने तथा मौके पर ही पात्र लोगों के आवेदन व सत्यापन कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। रक्तदान, दिव्यांग कल्याण, चित्रकला, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के साथ सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।बैठक में विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन, नगर आयुक्त शिपू गिरी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed