सहारनपुर: नकली सिक्के बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार 

VID-20260913-WA0566(2)
Spread the love

 

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनन्दन सिंह ने प्रेस वार्ता कर नकली सिक्के बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के खुलासे की जानकारी दी। थाना कोतवाली नगर, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह, हिमांशु उर्फ गुल्लू, कुलदीप, संतोष चौरसिया उर्फ जनार्धन तथा अनुराग पाल उर्फ लंकेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर हाईटेक मशीनों और डाई की मदद से 20 रुपये के नकली सिक्के तैयार कर बाजार में खपाने की बात स्वीकार की।

SSP के मुताबिक गिरोह नकली सिक्कों को बाजार, शराब ठेकों और टोल प्लाजा समेत विभिन्न स्थानों पर चलाता था। पुलिस ने गिरोह द्वारा अब तक करीब 70 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नकली सिक्के बाजार में चलाए जाने का दावा किया है।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.28 लाख रुपये मूल्य के 6,400 नकली 20 रुपये के सिक्के, 10 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, सिक्के बनाने वाली 6 मशीनें, 59 डाई, करीब 5 लाख रुपये के अधबने सिक्के तथा सिक्कों को घिसने और पॉलिश करने के उपकरण बरामद किए हैं।

इसके अलावा पुलिस ने एक इको स्पोर्ट कार, एक स्विफ्ट डिजायर कार, 7 हिसाब-किताब के रजिस्टर और चेकबुक भी बरामद करने की बात कही है।

SSP अभिनन्दन सिंह ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की सराहना की। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: मो कलीम अंसारी

बाइट: एसएसपी अभिनन्दन सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed