विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित ‘बातचीत शुरू करें’ के संदेश के साथ मानसिक तनाव और अवसाद को लेकर छात्राओं को किया जागरूक
मो कलीम अंसारी। सहारनपुर
सहारनपुर। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर 10 सितंबर 2026 को कैम्प कार्यालय, सहारनपुर में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शेर सिंह कक्कड़ एवं एनसीडी सेल की नोडल अधिकारी श्रीमती शिवांका गौड़ ने किया। कार्यक्रम में एएनएम प्रशिक्षणार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को जागरूकता के साथ रोचक बनाने के लिए कविता पाठ, भाषण प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता और पोस्टर प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 2024-26 के लिए निर्धारित तीन वर्षीय थीम “आत्महत्या के बारे में सोच और समझ बदलना” (Changing the Narrative on Suicide) के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य संदेश “बातचीत शुरू करें (Start the Conversation)” रहा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शेर सिंह कक्कड़ ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य चुप्पी और गलतफहमियों को पीछे छोड़कर खुलेपन, सहानुभूति और सहयोग की ओर बढ़ना है, ताकि ऐसा वातावरण बनाया जा सके जहां लोग अपनी समस्याओं को खुलकर साझा कर सकें और जरूरत पड़ने पर मदद मांगने में संकोच न करें। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मानसिक तनाव से मुक्त रहने तथा जागरूकता बढ़ाने की शपथ भी ली।
एनसीडी सेल के फाइनेंस कम लॉजिस्टिक ऑफिसर लोहित भारती एवं अंशिका सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि विश्व स्तर पर आत्महत्या एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या है, जिसके सामाजिक, आर्थिक और भावनात्मक दुष्परिणाम दूरगामी होते हैं।
मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के डा. ख्वाजा खयाम ने अवसाद और आत्महत्या के विषय पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने लगातार उदासी, निराशावादी विचारों और व्यवहार में बदलाव जैसे संकेतों को गंभीरता से लेने पर जोर दिया। छात्राओं को मानसिक तनाव से दूर रहने तथा अपनी समस्याओं को परिजनों और मित्रों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।
गोष्ठी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. कुनाल जैन, देवेन्द्र सिंह, सूर्यप्रताप, हरविन्द्र सिंह, प्रीति कन्नौजिया, आबिद, विभा, हिमांशु सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।