रेलवे-पुलिस की जमीन पर अतिक्रमण से जल निकासी बाधित नगरायुक्त ने किया वार्ड 50 व 34 का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश

IMG-20260910-WA0576
Spread the love

नगरायुक्त ने किया वार्ड 50 व 34 का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश

 

मो कलीम अंसारी | सहारनपुर

 

सहारनपुर। नगर निगम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगरायुक्त शिपू गिरि ने गुरुवार को वार्ड 50 हकीकत नगर और वार्ड 34 के पंजाबी बाग क्षेत्र का क्षेत्रीय पार्षदों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान अतिक्रमण, साफ-सफाई, पार्कों के सौंदर्यीकरण और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

नगरायुक्त सबसे पहले वार्ड 50 के हकीकत नगर पहुंचे। यहां उन्होंने हकीकत नगर चौक स्थित पार्क, वार्ड कार्यालय, धरना स्थल पार्क तथा जोनल कार्यालय के सामने स्थित पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्कों के सौंदर्यीकरण के साथ क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम ग्रिड के तहत निर्मित सड़क के फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद अमित त्यागी मौजूद रहे।

 

इसके बाद नगरायुक्त ने वार्ड 34 के पंजाबी बाग क्षेत्र स्थित कृष्णापुरम का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय पार्षद सुधीर पंवार ने उन्हें मौके पर दिखाया कि रेलवे और पुलिस विभाग की भूमि पर कथित रूप से अतिक्रमण किया गया है। इसके साथ ही वहां कूड़ा-कचरा जमा होने से जल निकासी बाधित हो रही है और आसपास गंदगी की स्थिति बनी हुई है।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त ने एसएसपी सहारनपुर तथा अंबाला मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर संबंधित विभागों की भूमि से अतिक्रमण हटवाने और सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है।

 

नगरायुक्त ने पत्र में कहा कि उक्त भूमि पर स्थायी अतिक्रमण की संभावना बढ़ रही है, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। अतिक्रमण और कूड़ा-कचरा जमा होने के कारण जल निकासी प्रभावित है तथा जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है। गंदगी के कारण संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर अतिक्रमण और गंदगी की स्थिति का समाधान कराने, गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराने में सहयोग देने को कहा है।

 

गौरतलब है कि पार्षद सुधीर पंवार ने गत 8 सितंबर को हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी कृष्णापुरम क्षेत्र में अतिक्रमण, गंदगी और जल निकासी बाधित होने का मुद्दा उठाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed