सेवा संकल्प से विकसित भारत की ओर, सहारनपुर में 17 सितंबर से शुरू होगा वृहद अभियान
एक माह तक चलेंगे जनसेवा, जनजागरूकता और विकास से जुड़े कार्यक्रम
मो. कलीम अंसारी
सहारनपुर। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ सहारनपुर जनपद में 17 सितंबर से होगा। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। एक माह के दौरान जनपद से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक जन-जागरूकता और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
13 प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प और सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
इनमें स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकार के तहत रक्तदान शिविर, निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम आयोजित होंगे। युवाओं और खेल गतिविधियों के अंतर्गत चित्रकला, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, पदयात्रा, साइकिल रैली तथा बाइक रैली कराई जाएंगी।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।
‘सेवा सेतु अभियान’ में एक ही छत के नीचे मिलेगा समाधान
अभियान के दो प्रमुख आकर्षण निर्धारित किए गए हैं। इनमें ‘सेवा सेतु अभियान’ खास रहेगा। विकासखंड स्तर पर विभिन्न शासकीय विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। यहां पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में ह्यूमन रंगोली के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीकों और वर्ष 2047 के ‘विकसित भारत’ की भव्य परिकल्पना को प्रदर्शित किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश—अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान महज औपचारिकता बनकर न रह जाए। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाना होना चाहिए।
उन्होंने सभी कार्यक्रमों को प्रभावी एवं भव्य रूप देने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समय से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।