आठ बाइक चोरी का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार  बिहारीगढ़ पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आठ मोटरसाइकिलें बरामद कीं, कई थाना क्षेत्रों में वारदात का दावा

IMG-20260918-WA0818
Spread the love

रिपोर्ट मोहम्मद कलीम अंसारी

सहारनपुर। बिहारीगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बिहारीगढ़ के अलावा बेहट, मिर्जापुर और बुग्गावाला थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात पुलिस को बताई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम रसूल पुत्र हाशिम, निवासी ग्राम कालूवाला पहाड़ीपुर उर्फ जहानपुर थाना बिहारीगढ़, सागर पुत्र विजयपाल, निवासी ग्राम भाकरोड़ थाना बेहट, शाकिर पुत्र भूरे, निवासी ग्राम चांडी भाकरोड़ थाना बेहट और साहिल पुत्र मुस्तकीम, निवासी ग्राम माईदीनपुर थाना बेहट के रूप में हुई है।

मुकदमों की जांच से खुलती गई चोरी की कड़ियां

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को टांडा हसनगढ़ निवासी संजीव कुमार की मोटरसाइकिल चोरी होने तथा 13 सितंबर को बेहट क्षेत्र निवासी मुजीब अली और सुनील कुमार की मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में बिहारीगढ़ थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार सामने आ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटनाओं के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उनकी निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। बरामद बाइकों में UP-11-CU-1420, UP-11-BN-9036, UP-11-Y-3441, UP-11-CL-6740 और UP-17-W-2869 समेत अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

रेकी के बाद चोरी करने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं। सागर की ग्राम चांडी भाकरोड़ में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान है। आरोप है कि चारों मिलकर आसपास के थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे।

पुलिस के मुताबिक चोरी की गई बाइकों को सागर की मदद से अन्य लोगों को बेचने का प्रयास किया जाता था। बिक्री से पहले मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट निकाल दी जाती थी।

कई स्थानों से बाइक चोरी करने की बात कबूली

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में करीब पांच-छह माह पहले फतेहपुर कला से एक, करीब दो माह पहले शाहपुर गाड़ा से एक तथा करीब डेढ़ माह पहले बिहारीगढ़ कस्बे में बुग्गावाला रोड स्थित एक दुकान के सामने से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई।

इसके अलावा सुंदरपुर तिराहे और बिहारीगढ़ में रविदास मंदिर के सामने से भी बाइक चोरी करने की बात पुलिस को बताई गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ग्राम बंदरजूड़ के जंगल से करीब चार-पांच दिन पहले एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की।

खंडहर बिल्डिंग में छिपाकर रखी थीं बाइकें

पुलिस का कहना है कि चोरी की छह मोटरसाइकिलों को आरोपियों ने बिहारीगढ़ से आगे अमानतगढ़ की ओर सड़क किनारे स्थित एक खंडहरनुमा बिल्डिंग में छिपाकर रखा था। दो अन्य मोटरसाइकिलों को भी वहीं छिपाने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

रिपोर्ट: मो. कलीम अंसारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed