सहारनपुर में जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च ड्रोन से निगरानी, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की गश्त तेज;

IMG-20260911-WA0481
Spread the love

 

ड्रोन से निगरानी, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की गश्त तेज; सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर

मो कलीम अंसारी

सहारनपुर | 11 सितंबर, शुक्रवार 2026

सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद प्रकरण के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस टीमों ने लगातार गश्त और फ्लैग मार्च किया, जबकि संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई।

थाना मंडी पुलिस ने भी क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी के बीच बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और धर्मगुरुओं से संवाद करते हुए जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा करने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

ड्रोन कैमरों से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर

  1. प्रशासन की ओर से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई। प्रमुख मस्जिदों और महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी एवं आरआरएफ की तैनाती की गई। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने शांति बनाए रखने की अपील की

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना है। पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं से लगातार संवाद किया जा रहा है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों के ज्ञापन भी प्राप्त किए जा रहे हैं।

एसएसपी ने आमजन से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के किसी पोस्ट, फोटो या वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी

पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री के सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सामग्री को हटवाने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।

चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की नजर

जुमे की नमाज के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी दिखाई दी। पुलिस की ओर से लगातार पैदल गश्त और क्षेत्र भ्रमण किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

शुक्रवार को जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील जारी रखी।

PK7NEWS | सच्चाई का अहसास

संपादक: सनव्वर सिद्दीकी

मो. 8938888168

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed