सहारनपुर में 50 लाख की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार: ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत थाना मण्डी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

  1. रिपोर्ट _मो कलीम अंसारी

सहारनपुर पुलिस द्वारा नशे के काले कारोबार पर प्रभावी प्रहार करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ (“नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर”) के तहत थाना मण्डी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत, प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के कुशल नेतृत्व में उप-निरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उप-निरीक्षक सुधीर कुमार, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार (848) और कांस्टेबल रवि कुमार (1570) की तेज-तर्रार टीम ने पुराना कलसिया रोड स्थित जे.वी.जैन इंटर कॉलेज के पास घेराबंदी कर एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा।

पुलिस की इस सतर्क टीम ने टोपिया सराय निवासी अभियुक्त जिशान को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 250 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।

पकड़ा गया अभियुक्त जिशान कोई साधारण अपराधी नहीं है, बल्कि उस पर पहले से ही चोरी, गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर अधिनियम, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 9 मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई के साथ ही उसके खिलाफ यह 10वां मुकदमा (मु0अ0सं0 465/2026 धारा 8/21 NDPS एक्ट) पंजीकृत किया गया है।

थाना मण्डी पुलिस की टीम अब अभियुक्त के नशे के इस नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है और उसके ‘फॉरवर्ड तथा बैकवर्ड लिंक्स’ खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed