Spread the love

रिपोर्ट सनव्वर  सिद्दीकी

कैराना। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के तत्वावधान में कैराना स्थित बंखण्डी महादेव मंदिर के सभागार में स्वर्ण प्रबुद्ध समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े वक्ताओं ने ब्राह्मण समाज की स्थिति, आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी सहित विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।

 

समागम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्रनाथ त्रिपाठी ने सरकार पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज को हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्वर्ण समाज के हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज जिस राजनीतिक दल के साथ जुड़ा, उसकी सत्ता में आने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्तमान सरकार को समाज को बंधुआ मजदूर समझने की भूल नहीं करनी चाहिए।

 

किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने यूजीसी कानून को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार अगड़ी जातियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका आधार आर्थिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वर्ण आयोग की बजाय ठाकुर-ब्राह्मण आयोग की मांग उठाई जानी चाहिए। उन्होंने समाज से इतिहास से प्रेरणा लेकर एकजुट होने का आह्वान किया।

 

रालोद के प्रदेश महासचिव विजय कौशिक ने कहा कि शामली जनपद में ब्राह्मण समाज जागरूक और एकजुट है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज गरीब है, यह पुरानी बात हो चुकी है। वर्तमान में ब्राह्मण समाज मजबूत है और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

 

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अश्वनी शर्मा ने भी सरकार पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से सोच-समझकर आने वाली सरकार का चयन करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के आयोजक अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष शुभम शर्मा किवाना ने कहा कि आरक्षण का आधार जातिगत न होकर आर्थिक होना चाहिए।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता बावनी खाप के चौधरी सतेंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन परशुराम युवा जागृति मंच के अध्यक्ष योगेश भारद्वाज ने किया।

 

इस अवसर पर प्रेम किशोर कोठारी, पश्चिम प्रभारी राहुल शर्मा, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुशीला शर्मा, परशुराम सेना प्रदेश अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा, अतुल शर्मा, पुनीत शर्मा, युवा मंडल अध्यक्ष अश्वनी कौशिक, सोनू शर्मा रामड़ा, गौरक्षक दल जिलाध्यक्ष वीशू शर्मा, अंशुल कौशिक, बत्तीस खाप चौधरी कुलदीप शर्मा, हर्ष शर्मा, पं. राजू शर्मा, देशराज शर्मा, रमेश शर्मा, राजेंद्र प्रधान ऐरटी, बिजेंद्र शर्मा, घनश्याम शर्मा, राहुल शर्मा लिलोन, राहुल वशिष्ठ, सुमित शर्मा एडवोकेट, दीपांशु वशिष्ठ, सचिन भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

You may have missed